ऑटो एक्सपो 2018 में नई गाड़ियों की धूम रही. एक से बढ़कर एक मॉडल के साथ-साथ स्टार पावर का भी पूरा जोर था. लेकिन इस बीच सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रही थीं वो पुरानी सवारियां जिन्हें आप पहले पर्दे पर देख चुके हैं. इस लिस्ट में केवल गाड़ियां नहीं बॉलीवुड की आईकॉनिक बाइक्स भी शामिल थीं. इनमें अमिताभ बच्चन की 'रामप्यारी' सुर्खियों में छाई रही.
बिग बी ने फिल्म 'अकेला' में इस गाड़ी का इस्तेमाल किया था. वह फिल्म में अपनी गाड़ी को प्यार से 'राम प्यारी' कहते थे. 'राम प्यारी' के इस अंदाज में फर्क इतना था कि फिल्म में पीले रंग की गाड़ी इस्तेमाल की गई थी. लेकिन यहां इसी मॉडल का लाल रंग देखने को मिला.
'राम प्यारी' के अलावा यहां काका यानी कि राजेश खन्ना की भी एक गाड़ी देखने को मिली. यहां जो गाड़ी डिस्पले पर लगाई गई थी उसे काका ने फिल्म 'मेरे जीवन साथी' में इस्तेमाल किया था. इनके अलावा एक हरी वैन टाइप गाड़ी भी यहां नजर आई. इसे आपने अमिताभ बच्चन की फिल्म दीवार में देखा होगा.
गाड़ियों के अलावा बाइक्स को भी उतनी ही अहमियत दी गई. इनमें ऋषि कपूर और डिंपल कपाड़िया की केमिस्ट्री की याद दिलाने वाली बाइक शामिल थी. इस बाइक को ऋषि कपूर ने फिल्म बॉबी में इस्तेमाल किया था. इनके अलावा शोले में जय और वीरू की वो फेमस बाइक भी यहां नजर आई. बाइक के पीछे वो यादगार पोस्टर भी लगाया गया था.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours