जोहानिसबर्ग I डरबन में जीत, सेंचुरियन में जीत और केपटाउन में भी जीत. टीम इंडिया ने द.अफ्रीका के खिलाफ पहले 3 वनडे मैचों में जीत का तिरंगा लहराया है और अब वो जोहानिसबर्ग में ही सीरीज जीतने का अरमान देख रही है. लेकिन टीम इंडिया की इस ख्वाहिश पर पानी फिर सकता है. दरअसल शनिवार को जोहानिसबर्ग का मौसम खराब रहने वाला है. मौसम विभाग ने जोहानिसबर्ग में दोपहर के बाद बारिश की आशंका जताई है.

जोहानिसबर्ग की मौसम रिपोर्ट
मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को जोहानिसबर्ग के आसमान में सुबह से ही बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद बारिश होगी. जोहानिसबर्ग में शाम 4 से रात 10 के बीच बारिश हो सकती है. द.अफ्रीका के समय के मुताबिक चौथा वनडे दोपहर 1 बजे शुरू होगा और शाम 4 बजे से बारिश की आशंका जताई गई है. ये बारिश रुक-रुक कर मैच में खलल डाल सकती है.

वैसे जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम काफी अच्छा है लेकिन संभव है कि बारिश की वजह से ओवरों में कटौती हो.

बता दें भारत के पास पहली बार द.अफ्रीका में वनडे सीरीज जीतने का मौका है. टीम इंडिया पिछले 25 सालों में 6 सीरीज द.अफ्रीकी सरजमीं पर खेली है लेकिन उसे एक में भी जीत हासिल नहीं हुई है. ऐसे में विराट कोहली चाहेंगे कि जोहानिसबर्ग वनडे में बादल ना बरसें और शनिवार को ही टीम इंडिया द.अफ्रीका में इतिहास रचे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours