कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई हमले बोले. कर्नाटक दौरे पर राहुल ने पीएम मोदी को राफेल सौदे, पीएनबी स्‍कैम, लोकपाल सहित कई मसलों पर घेरा. उन्‍होंने सवाल किया कि पीएम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए अब तक लोकपाल की नियुक्ति क्यों नहीं की? कर्नाटक की सभी जनसभाओं में मोदी पर आक्रमण कर रहे गांधी ने पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री की ‘‘चुप्पी’’ पर भी सवाल किया. उन्होंने कहा, ‘गुजरात में मोदी जी ने लोकायुक्त लागू नहीं किया. उन्हें प्रधानमंत्री बने चार साल हो गए हैं... उन्होंने यहां तक दिल्ली में लोकपाल को लागू नहीं किया.’

राफेल सौदे पर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने इसमें तत्‍कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से पूछे बिना ही बदलाव कर दिया था. राहुल ने कहा, 'पूर्व रक्षा मंत्री गोवा में मछली खरीद रहे थे, उन्‍हें पता भी नहीं था कि मोदी जी ने राफेल सौदे का कॉन्‍ट्रेक्‍ट बदल दिया है.' एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा, ‘देश के चौकीदार कर्नाटक आते हैं और अपने मुख्यमंत्री (पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा) के साथ भ्रष्टाचार के बारे में बोलते हैं, जो एक ओर तो खुद जेल होकर आए हैं और दूसरी ओर भाजपा के शासनकाल में चार मंत्री भी जेल गए थे.’

कर्नाटक में 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर का हवाला देते हुए उन्होंने अनुरोध किया ‘नुडिडांटे नाडे’ (जो आप कहते हैं उसपर अमल करें). गांधी कर्नाटक के उत्तरी भागों के अपने तीन दिवसीय दौरे के दूसरे चरण में हैं. उन्होंने कहा, ‘मोदी जी... नुडिडांटे नाडे. देश ने आपको सिर्फ भाषण देने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया है.’

गांधी ने कहा कि हीरा कारोबारी नीरव मोदी भारत के गरीबों के करोड़ों रुपये लेकर भाग गया. उन्होंने कहा, ‘नीरव मोदी 22,000 करोड़ रुपये लेकर भाग गया जो भारत के किसानों, मजदूरों और गरीबों का है, लेकिन हमारे चौकीदार ने एक शब्द तक नहीं कहा.’ 11,400 करोड़ रुपये के भारत की दूसरी सबसे बड़ी पीएसयू बैंक धोखाधड़ी पर अपनी पहली टिप्पणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चेताया कि आर्थिक अनियमितता में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जनता के धन की लूट को सहन नहीं किया जाएगा.
जीएसटी पर प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी की जेब में जो भी है उसे ले लिया गया है. लाखों कारोबार बंद हो चुके हैं और लाखों लोगों को नुकसान हुआ है. राहुल गांधी जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार देते हैं.

रोजगार सृजन और किसानों की कर्ज माफी का एलान नहीं करने जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए गांधी ने कहा, ‘मोदीजी... (कर्नाटक के मुख्यमंत्री) सिद्धरमैया से कुछ सीखिए. आप जो भी करते हैं वे नीरव मोदी जैसे लोगों के लिए करते हैं. आप देश के धन्नासेठों को हजारों करोड़ रुपये देते हैं; जबकि हमने कर्नाटक में गरीबों को निशुल्क सात किलोग्राम चावल दिए.'

कर्नाटक में इस साल अप्रैल या मई में चुनाव हो सकते हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours