झारखंड में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव में चार सीटों पर मतदान रविवार को संपन्न हो गया. कुल 64.46 फीसदी वोटिंग हुई. गिरिडीह में 65.93, धनबाद में 59.60, जमशेदपुर में 66.44 और सिंहभूम सीट पर 67.79 प्रतिशत मत पड़े. 2014 में इन चारों सीट पर कुल 64.53 फीसदी वोट डाले गये थे. यानि इस बार पिछली बार की तुलना में कम वोटिंग हुई.
2014 के चुनाव की बात करें, तो गिरिडीह में 64.25, धनबाद में 60.53, जमशेदपुर में 66.33 और सिंहभूम में 69% फीसदी मतदान दर्ज किया गया था. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल ख्यांगते ने कहा कि चारों सीट पर सीविजिल के जरिये 262 शिकायत सामने आए. उनमें 84 मामले सत्यापित हुए और उनपर कार्रवाई भी हुई. 886 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी. उन्होंने बताया कि इन सीटों पर दिव्यांग मतदाताओं का वोट प्रतिशत 82.7 प्रतिशत रहा.
निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बीजेपी की स्टार प्रचारक स्मृति ईरानी का हेलिकॉप्टर शिकारीपाड़ा की बजाय दुमका एयरपोर्ट पर उतरने के मामले में आयोग ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है. शनिवार को दुमका में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की सभा थी. लेकिन सही जगह पर हेलिकॉप्टर नहीं उतर पाने के कारण सभा कैंसिल हो गई.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours