रांची की रहने वाली योग गुरु राफिया नाज को फिर जान से मारने की धमकी मिली है. इस बार उन्हें फोन पर ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी गई. इस सिलसिले में उन्होंने डोरंडा थाने में मामला दर्ज कराया. लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसको लेकर उनके एक रिश्तेदार ने मेल कर पुलिस के आलाधिकारियों से मदद की गुहार लगाई, तो डोरंडा थाने की पुलिस ने राफिया के घर से उस कम्प्युटर को जब्त कर लिया, जिससे मेल भेजा गया था.

राफिया अब कम्प्युटर वापस पाने के लिए थाने का चक्कर लगा रही हैं. उनका कहना है कि पुलिस को उनकी सुरक्षा का बंदोवस्त करना चाहिए, जबकि पुलिस उन्हें परेशान करने पर तुली हुई है. राफिया के मुताबिक बीते 27 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें उन्हें ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी गई. इस सिलसिले में उन्होंने डोरंडा थाने में मामला दर्ज कराया. लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई.

इस सिलसिले में जब न्यूज 18 की टीम ने डोरंडा थानाप्रभारी से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. हालांकि रांची रेंज के डीआईजी अमोल होमकर वेणुकांत ने मेल की पुष्टि करते हुए भरोसा दिलाया है कि वरीय अधिकारी इस मामले को देख रहे हैं. राफिया की सुरक्षा को लेकर वे संवेदनशील हैं.

रांची प्रशासन के द्वारा राफिया को एक बॉडीगार्ड मुहैया कराया गया है, जो दिन भर सुरक्षा देता है. लेकिन रात को घर चला जाता है. इससे पहले मार्च में भी राफिया को फोन पर उठा लेने की धमकी दी गई थी. राफिया की माने, तो उन्हें पिछले चार साल से इस तरह की धमकियां मिल रही हैं. सोशल मीडिया पर भद्दी- भद्दी गालियां भी दी जाती हैं. अब उन्हें ऐसी धमकियों और गालियों की आदत सी पड़ गई है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours