रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष को बड़ा झटका लगा है. जेएमएम और कांग्रेस के चार विधायक बुधवार को बीजेपी में शामिल हो गये. रांची स्थित बीजेपी कार्यालय में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांग्रेस छोड़कर आए विधायक मनोज यादव, सुखदेव भगत और जेएमएम के विधायक कुणाल षाडंगी को बीजेपी में शामिल कराया. इनके अलावा पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की. इन नेताओं के अलावा पूर्व आईएएस सुचित्रा सिन्हा , पूर्व डीजीपी डी.के पांडेय, पूर्व आईपीएस अरूण उरांव और पूर्व आईएएस आरपी सिन्हा भी बीजेपी में शामिल हुए. हालांकि देर से पहुंचने के कारण जेएमएम विधायक जे.पी पटेल (J. P. Patel) ने बाद में बीजेपी का दामन थामा.
फिर से स्थायी सरकार देने के लिए हुए शामिल
इस मौके पर सीएम रघुवर दास ने कहा कि हम सब महसूस कर रहे हैं कि देश में अब विकास और राष्ट्रवाद की ही राजनीति चलेगी. बीजेपी के राष्ट्रवाद और विकास से प्रभावित होकर झारखंड के विकास के लिए, गरीबी को समाप्त करने के लिए, आगे ले जाने के लिए विभिन्न दलों के नेता और अधिकारी शामिल हुए हैं. ये लोग पार्टी में प्रदेश के विकास व राष्ट्र की सेवा के लिए आए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी में शामिल हुए ये नेता खुद के लिए नहीं बल्कि राज्य को फिर से स्थायी सरकार देने के लिए आये हैं. भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवाद और विकास की नीति से प्रभावित होकर ये लोग पार्टी में शामिल हुए हैं.
बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाये. उन्होंने कहा कि वो बीजेपी में नई दुल्हन की तरह शामिल हो रहे हैं. दूध में चीनी की तरह घुलकर बीजेपी में मिठास लाने का काम करेंगे.
वहीं विधायक मनोज यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के विकास की राजनीति और बीजेपी की विचारधारा से प्रभावित होकर मैं पार्टी में शामिल हुआ हूं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours