रांची। भाजपा में प्रत्याशियों के चयन को लेकर बुधवार को हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के साथ ही टिकटों की टिकटिक अब दिल्ली शिफ्ट हो गई है। दिल्ली में गुरुवार से प्रदेश की कोर टीम का केंद्रीय नेताओं के साथ बैठक का दौर शुरू होगा। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक भी कल ही संभावित है, जिसमें राज्य के भाजपा सांसद भी भाग लेंगे। बैठक में विधानसभावार प्रत्याशियों पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी।
वहीं, आठ नवंबर को केंद्रीय चुनाव समिति के साथ प्रदेश के शीर्ष नेताओं की बैठक होने की बात कही जा रही है। बैठकों से निकले निष्कर्ष पर यदि जिच की स्थिति नहीं बनीं तो आठ नवंबर को ही पार्टी के संसदीय बोर्ड के स्तर से प्रत्याशियों पर मुहर लगा दी जाएगी। बुधवार को भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सभी 81 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई।
चुनाव समिति ने रायशुमारी में आए नामों के साथ-साथ विभिन्न माध्यमों से विधानसभावार आए नामों पर विचार किया। मोटे तौर पर एक सूची भी तैयार की गर्ई, जिसमें मौजूदा विधायकों समेत तीन से चार नामों को तरजीह दी गई। कुछ खास सीटों पर इनकी संख्या सात से आठ तक रही। बैठक में लिए गए निर्णयों से केंद्रीय नेतृत्व को बुधवार दोपहर ही फैक्स के माध्यम से अवगत करा दिया गया।
गुरुवार सुबह प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा व मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रत्याशियों की सूची के साथ दिल्ली रवाना होंगे। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह भाजपा के विधानसभा प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, प्रदेश सह प्रभारी राम विचार नेताम, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री सह सांसद सुनील सिंह, सांसद जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय, श्याम नारायण दुबे, केदार हाजरा और आरती सिंह शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और संगठन महामंत्री अधिकृत : दीपक प्रकाश
भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि प्रदेश चुनाव समिति ने प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को प्रत्याशियों के संदर्भ में निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। चुनाव समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रत्याशियों के नामों घोषणा केंद्रीय चुनाव समिति के साथ बैठक के बाद संसदीय बोर्ड द्वारा की जाएगी।
दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा की आंतरिक संरचना लोकतांत्रिक मापदंडों के अनुरूप है, इसीलिए प्रत्याशियों के चयन के लिए कार्यकर्ताओं से गहन रायशुमारी की गई है। आजसू से जुड़े सवाल पर दीपक प्रकाश ने कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट है। महागठबंधन पर भी निशाना साधा कहा, महागठबंधन कहीं नहीं है।
आज सुबह दिल्ली रवाना होंगे प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, प्रदेश सह प्रभारी राम विचार नेताम और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहीं, कुछ सांसद बुधवार शाम दिल्ली के लिए रवाना हो गए।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours