अपने एक दिवसीय दौरे पर सरायकेला पहुंचे सीएम रघुवर दास ने कहा कि मोमेंटम झारखंड के तहत उद्योग का जाल बिछाकर प्रदेश के सर्वांगिण विकास का सरकार का प्रयास अब जमीन पर उतरने लगा है. सीएम ने यहां दुगूनी में रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी के फेज-7 प्लांट का भूमिपूजन किया. उनके साथ उद्योग सचिव सुनील वर्णवाल, उद्योग निदेशक के रविकुमार समेत कई पदाधिकरी व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, खरसांवा विधायक दशरथ गगराई उपस्थित थे.
भूमिपूजन के उपरांत आयोजित सभा में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि मोमेंटम झारखंड समेत विभिन्न नीतियों के कारण झारखंड की तस्वीर बदल रही है. उन्होंने कहा कि जहां तीन वर्ष पहले झारखंड की पहचान स्कैम झारखंड के रुप में होती थी वहीं अब इसकी पहचान देश-दुनिया में स्किल झारखंड के रूप में हो रही है.
सीएम ने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ने व उद्योग लगने से न सिर्फ प्रदेश की आर्थिक उन्नति होगी, बल्कि रोजगार पाने के बाद स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी बदलाव होगा. यही कारण है कि स्कील डेवलपमेंट को लेकर सरकार ने 700 करोड़ रुपया दिया है. इससे अगले दो सालों में एक लाख लोग प्रशिक्षित होकर रोजगार पा सकेंगे.
रघुवर दास के मुताबिक आने वाले मार्च महीने में झारखंड में पहली बार टेक्सटाइल इंडस्ट्री का शिलान्यास किया जाएगा. उन्होंने प्रदेश के उद्योगपतियों को वैल्यु एडेड प्लांट लगाने तथा असीम संभावनाओं वाले थ्री डी प्रींटिंग प्लांट लगाने का आह्वान किया. सीएम ने आम लोगों से मधु, लाह व कोकून की खेती में जुड़ने की अपील की. उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उत्पादित सभी सामानों को सरकार खरीदेगी.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रामकृष्णा फोर्जिंग प्लांट के फेज -7 के शिलापट्ट के अनावरण के साथ सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम का भी शुभारंभ किया. मालूम हो कि इस प्लांट में कुल 800 करोड़ का निवेश होगा. कुल दो हजार लोगों को रोजगार मिलेगा. यह प्लांट एक साल में बनकर तैयार होगा. इस प्लांट में रेलवे, एयरक्राफ्ट, आटोमोबाइल के विभिन्न कल-पूर्जों का निर्माण होगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours