सीएम रघुवर दास ने कहा कि ग्रामीणों को अपने गांव की तस्वीर और अपनी तकदीर खुद बदलनी होगी. इसके लिए सरकार उन्हें समिति बनाकर सशक्त करना चाहती है. रांची के गेतलसूद में आयोजित रामकृष्ण कृषि मेला में सीएम रघुवर दास ने किसानों और ग्रामीणों को यह संदेश दिया.

रांची से 40 किलोमीटर दूर गेलतसूद में रामकृष्ण मिशन की ओर से कृषि मेले का आयोजन किया गया. इस मेले में भाग लेने सीएम रघुवर दास और अधिकारियों का समूह पहुंचा. सीएम रघुवर दास ने यहां लगी प्रदर्शनी को देखा और कृषकों से बात की. सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि गांव के लोग अपनी कमिटी बनाएं और उनके माध्यम से विकास योजनाओं का चयन करें. सरकार उनके माध्यम से काम कराएगी.

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आसपास के कृषक और बागवानी करने वाले लोग पहुंचे. इस क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन वर्षों से किसानों के बीच काम कर रहा है. झारखंड सरकार और कृषि विज्ञान केंद्र का भी यहां बड़े स्तर पर काम होता है. इस कार्यक्रम में किसानों को खेती के उपकरण दिखाए गए. किसानों को देश का भविष्य बताते हुए सीएम रघुवर दास ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के लिए काम कर रही है.

इस कार्यक्रम में कृषि उत्पादों को सीएम और कृषि मंत्री रणधीर सिंह को दिखाया गया. कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार कृषि, मत्स्य पालन और बागवानी के लिए हर तरह से प्रोत्साहन दे रही है. कार्यक्रम में सीएस राजबाला वर्मा, ग्रामीण सचिव अविनाश कुमार, कृषि सचिव पूजा सिंघल समेत कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद थे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours