फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की तरफ से नागेन्द्र सिंह पटेल ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान नामांकन के विज्ञापन में जेल में बंद माफिया अतीक अहमद की एक तस्वीर चर्चा का केंद्र रही. माना जा रहा है कि फूलपुर लोकसभा उपचुनाव जीतने के लिए सपा जेल में बंद बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद भी सहारा ले रही है.
सपा प्रत्याशी की जनसभा में मंच पर बड़े नेताओं के साथ पूर्व सांसद अतीक अहमद की फ़ोटो दिखाई दी. मामले में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने दावा किया कि बीजेपी को हराने के लिए सभी समाजवादियों की मदद ली जाएगी. प्रदेश अध्यक्ष ने अतीक अहमद का नाम लिए बिना समर्थन लेने की बात स्वीकारी.
बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानपुर कैंट से बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद का टिकट काट दिया था. पिछले करीब साल भर से बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद जेल में बंद हैं.
इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने सोमवार को फूलपुर में आयोजित एक जनसभा में पार्टी के प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह पटेल के लिए बसपा समर्थकों से मदद की अपील की. उन्होंने कहा कि बसपा के सारे मतदाता और समर्थक समाजवादी पार्टी को पसंद करते हैं. पटेल ने कहा कि पूंजीवाद और साम्प्रदायिकता को हटाने के लिए बीजेपी को हराना जरुरी है. लिहाजा बसपा समर्थक मतदाता उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह पटेल के पक्ष में वोट करें.
गौरतलब है कि सपा के उम्मीदवार नागेन्द्र सिंह पटेल ने आज उपचुनाव के लिए नामांकन किया. इस मौके पर सपा के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे. हालांकि पुलिस प्रशासन ने केवल पांच लोगों को नामांकन कक्ष में जाने की अनुमति दी. सपा राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज, एमएलसी वासुदेव यादव और केके श्रीवास्तव मौजूद रहे. सपा एमएलसी वासुदेव यादव व पूर्व मंत्री हीरा मणि पटेल नागेंद्र सिंह पटेल के प्रस्तावक बने. नामांकन के बाद आयोजित एक जनसभा में नरेश उत्तम भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने बसपा मतदाताओं से मदद की गुहार लगाई.
दरअसल नरेश उत्तम ने यह अपील इसलिए की है क्योंकि बसपा कभी भी उपचुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारती है. बसपा अगर किसी पार्टी को समर्थन नहीं करती है तो वह अपने समर्थकों और मतदाताओं को अपने विवेकानुसार वोट करने की अनुमति देती है.
बता दें फूलपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने मनीष मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है. वे भी आज ही नामांकन करने वाले थे, लेकिन शुभ मुहूर्त न होने की वजह से नामांकन टल गया. अब वे मंगलवार को नामांकन करेंगे. इस सीट से बीजेपी ने कौशलेंद्र सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया है. वे भी मंगलवार को ही नामांकन करेंगे.
गौरतलब है कि यूपी में फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं. दोनों ही सीट पर उपचुनाव 11 मार्च को होंगे और नतीजे 14 मार्च को आएंगे. गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके इस सीट से इस्तीफा देने की वजह से गोरखपुर लोक सभा सीट खाली हुई है. वहीं, फूलपुर सीट केशव प्रसाद मौर्य के उपमुख्यमंत्री पद संभालने के बाद रिक्त हुई.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours