धनबाद I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधने वाली उनकी मुंहबोली बहन धनबाद की सरबती देवी का शनिवार सुबह पांच बजे निधन हो गया. उनकी उम्र 104 वर्ष थी. वह कुछ समय से बीमार थीं. धनबाद बैंक मोड़ के होटल वीआईपी स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली.
गुजराती मूल की सरबती देवी ने अपने भाई को करीब 50 साल पहले कैंसर की वजह से खो दिया था. इसके बाद से वह राखी के दिन बहुत ही उदास हो जाया करती थी. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अपना मुंहबोला भाई मानने वाली सरबती देवी की तमन्ना थी कि वह प्रधानमंत्री को राखी बांधे.
सरबती देवी की इच्छा को पीएम नरेंद्र मोदी ने राखी बंधवाकर पूरा किया. पिछले वर्ष प्रधानमंत्री के बुलावे पर सरबती देवी ने नई दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधी थी. पीएम मोदी ने प्रोटोकोल तोड़ते हुए चार घंटे विलंब से पहुंचने के बावजूद सरबती देवी को समय दिया.
स्वर्गीय धनराज अग्रवाल की पत्नी सरबती देवी की कुल 9 संतानें हैं, जिनमें हरिकिशन अग्रवाल और विमला देवी का निधन हो चुका है. सरबती देवी अपने पीछे चार पुत्र और तीन पुत्रियों को पीछे छोड़ गई हैं. दिवंगत सरबती देवी का दाह संस्कार रविवार 11 मार्च को बस्ताकोला स्थित गोशाला में किया जाएगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours