बीते एक सप्ताह में तीन दुष्कर्म की घटना से राजधानी रांची सहम गई है. होली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के दावों के बीच इन वारदातों का होना, रांची पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं. तीनों घटनाएं तब हुईं, जब रांची पुलिस अलर्ट पर थी.

पहली घटना राजधानी के तुपुदाना क्षेत्र की है. तुपुदाना थाना क्षेत्र के डहू जंगल में 14 साल की नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया गया. सातवीं में पढ़ने वाली छात्रा के साथ गांव के ही तीन नाबालिग लड़कों ने दुष्कर्म किया. आरोप है तीन लड़के छात्रा के घर पहुंचे और उसे बहला फुसला जंगल ले गए. वहां छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

दूसरी वारदात रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कांटाटोली की है. होली के दिन शैम्पू खरीदने गई एक नाबालिग के साथ दुकानदार ने दुष्कर्म किया. पीड़ित बच्ची ने एक दिन बाद परिवारवालों को अपने साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया.

तीसरी और ताजा घटना धुर्वा की है. रविवार शाम एक युवती अपने दोस्त के साथ जगरन्नाथपुर तालाब के पास घुमने गई थी. उसी दौरान 8 युवकों ने पहले दोस्त को मौके से भगाया, फिर युवती के साथ गैंगरेप किया. मामला उजागर होने के बाद रविवार देर रात पुलिस ने छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस गिरफ्त में आये युवकों में से दो नाबालिग हैं.

ये तीनों वारदात बीते एक सप्ताह में पेश आई है. रांची पुलिस इस दौरान होली को लेकर अलर्ट पर थी. लोगों का सवाल है कि ये कैसा अलर्ट, जब इस दौरान एक-दो नहीं तीन-तीन दुष्कर्म की घटनाएं हो जाए. हालांकि पुलिस तीनों मामलों में आरोपियों पर कार्रवाई करने में तेजी दिखाई है. लेकिन इस तेजी के बावजूद राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर लोग सहमे हुए हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours