कॉमेडी के बादशाह कपिल शर्मा की टीवी पर वापसी हो रही है.वे अपने नए कलेवर और शो के नए नाम ‘फैमिली टाइम विद कपिल’ के साथ  छोटे पर्दे पर लौट रहे हैं.लेकिन उनके नए शो का पहला एपिसोड ही मुश्किल में फंस गया है, क्योंकि  शो पर आने वाले पहले गेस्ट एक्टर ने उन्हें इंतजार करने को कह दिया है. इसके पहले आप सोचें कि क्या कपिल का शो फिर लटक गया तो पूरी बात साफ कर देते हैं. दरअसल बात कुछ यूं हैं कि कपिल के आने वाले नए शो का एक प्रमोशनल वीडियो जारी हुआ है. इस वीडियो में कपिल अभिनेता अजय देवगन को शो पर आने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं, लेकिन अजय कपिल शर्मा के संग मजाक करते हुए उन्हें शो पर आने के लिए इंतजार करने को कहते हैं. वीडियो में अजय और कपिल का फनी अंदाज देखते ही बन रहा है.

वीडियो में कपिल शर्मा अजय देवगन से अपने शो में आने के लिए रिक्वेस्ट कर रहे हैं. लेकिन अजय देवगन भी कपिल शर्मा की चुटकी ले रहे हैं. अजय देवगन कपिल शर्मा से कहते हैं कि आपकी कॉल प्रतीक्षा में हैं और कहते हैं कि जैसे आप लोगों को इंतजार कराते थे, आपको भी इंतजार करना पड़ेगा. उनका इशारा कपिल शर्मा के बड़े-बड़े सितारों को अपने शो के दौरान वेट कराने की ओर था.

इस बात से यह तो तय हो गया है कि कपिल के शो के पहले गेस्ट  अजय देवगन  होंगे. दरअसल अजय देवगन की  अपकमिंग  फिल्म 'रेड' 16 मार्च को रिलीज होने वाली है. इसी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में अजय कपिल के शो पर पहुंचेंगे.


इसमें कोई दो राय नहीं कि अजय देवगन और कपिल शर्मा की जुगलबंदी इस वीडियो में जबरदस्त लग रही है और कपिल का अंदाज मस्त है. माना जा रहा है कि कपिल शर्मा का ये शो जल्द शुरू हो सकता है. हालांकि, चैनल की ओर से इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की गई है.




कपिल शर्मा की पिछली फिल्म 'फिरंगी' बॉक्स ऑफिस पर रंग नहीं जमा सकी थी और फ्लॉप रही थी. लेकिन कपिल शर्मा छोटे परदे के बड़े सितारे हैं. ऐसे में उनसे उम्मीदें भी बड़ी हैं. हालांकि ये तो वक्त ही बताएगा कि कपिल अपने नए शो से कितना उन उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours