टी20 ट्राई सीरीज के चौथे मैच में सोमवार को भारत और श्रीलंका की टीमें आपस में भिड़ेंगी. ये मैच दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम है क्योंकि भारत और श्रीलंका ने अबतक सीरीज में एक-एक जीत हासिल की है वहीं दोनों ही टीमों को एक मैच में हार मिली है. पहले मैच में श्रीलंका ने टीम इंडिया को हराया. इसके बाद टीम इंडिया ने बांग्लादेश को हराया और शनिवार को बांग्लादेश ने श्रीलंका को मात दी. ऐसे में अब चौथा मुकाबला जो भी जीतेगा उसकी स्थिति ट्राई सीरीज में मजबूत हो जाएगी.टीम इंडिया ने अगर श्रीलंका को मात दे दी तो वो ट्राई सीरीज की अंक तालिका में टॉप पर पहुंच जाएगी.
श्रीलंका और टीम इंडिया के मैच की बात करें तो इनकी पिछली भिड़ंत में मेजबान टीम ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया था. श्रीलंका ने 175 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की थी. वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया अब श्रीलंका के खिलाफ अपनी पुरानी गलतियों को सुधारना चाहेगी और पिछली हार का बदला लेना चाहेगी. टीम इंडिया ने अगर श्रीलंका को मात दे दी तो वो ट्राई सीरीज की अंक तालिका में टॉप पर पहुंच जाएगी.
कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता की वजह
कप्तान रोहित शर्मा मेजबान श्रीलंका के खिलाफ फार्म में वापसी को बेताब होंगे जिसमें भारतीय टीम हर हालत में जीत दर्ज करना चाहेगी. कार्यवाहक कप्तान रोहित की खराब फॉर्म दक्षिण अफ्रीका सीरीज के शुरू से चल रही है. वह आत्मविश्वास हासिल करने के लिये तेजी से रन जुटाना चाहेंगे. टूर्नामेंट में रिषभ पंत को एक और मैच दिये जाने पर भी विचार किया जा सकता है.
पंत को हालांकि अपनी काबिलियत साबित करनी है लेकिन लोकेश राहुल जैसा खिलाड़ी भी मौके का इंतजार कर रहा है. राहुल की मौजूदगी कप्तान को उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर इस्तेमाल करने का मौका दे सकती है जिससे वह पंत को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर खुद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं.
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट में लगातार दो अर्धशतक जड़े हैं. श्रीलंका के खिलाफ सलामी बल्लेबाज ने 49 गेंद में 90 रन बनाये और इसके बाद 43 गेंद में 55 रन की पारी से भारत ने दूसरे मैच में बांग्लादेश को आसानी से शिकस्त दी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धवन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा लेकिन प्रोटियाज के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने फॉर्म हासिल कर ली, जिसके बाद से उन्होंने आखिरी पांच टी20 में 55, 90, 47, 24 और 72 रन बनाये.
दूसरे भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो मनीष पांडे (37, 27) अच्छी लय में दिख रहे हैं, वो वापसी करने वाले सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक के साथ मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी संभालेंगे. गेंदबाजी में जयदेव उनादकट को लगातार प्रदर्शन करने की जरूरत है. इस गेंदबाज ने दो मैचों में अभी तक चार विकेट चटकाये हैं लेकिन काफी रन भी लुटाये जिसकी अगुवाई करने वाले गेंदबाज से उम्मीद नहीं की जाती.
भारतीय गेंदबाज अच्छी फॉर्म में
युवा और गैर अनुभवी भारतीय गेंदबाजों ने अभी तक अच्छी गेंदबाजी की, जिसमें वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल और विजय शंकर उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं. वहीं श्रीलंकाई टीम शनिवार को बांग्लादेश से मिली पांच विकेट की हार से उबर रही है. बांग्लादेश ने टी20 सीरीज के तीसरे मैच में मुश्फिकर रहीम की 35 गेंद में 72 रन की पारी से 215 रन के लक्ष्य को पांच विकेट गंवाकर 19.4 ओवर में हासिल कर लिया था.
वैसे श्रीलंकाई बल्लेबाज कुसाल मेंडिस और कुसाल परेरा शानदार फॉर्म में हैं जिससे भारतीय गेंदबाजों को सतर्क रहना होगा खासकर परेरा के खिलाफ जिन्होंने अभी तक दो मैचों में 66 और 74 रन बनाये हैं जबकि मेंडिस ने कल 57 रन जुटाये.
टीमें- भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उप कप्तान), लोकेश राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज और रिषभ पंत (विकेटकीपर)।
श्रीलंका : दिनेश चांदीमल (कप्तान), सुरंगा लकमल (उप कप्तान), उपुल थरंगा, धनुष्का गुणतिलक, कुसाल मेंडिस, दासुन शनाका, कुसाल जनिथ परेरा, तिसारा परेरा, जीवन मेंडिस, इसुरू उदाना, अकिला धनंजय, अमिला अपोंसो, नुआन प्रदीप, दुष्मंत चामीरा, धनंजय डि सिल्वा।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours