राज्य सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं और आगे भी चलाने का इरादा व्यक्त किया है. सीएम रघुवर दास ने सखी मंडल सम्मेलन में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार के उद्देश्य को पूरा करने की मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई. वे रांची में आयोजित ग्रामीण विकास विभाग के अधीन आजीविका मिशन के महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम रघुवर दास ने महिलाओं को सशक्त करने के अपने मंसंबू को एक बार फिर प्रदर्शित किया. उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर से जोड़ कर
महिलाओं को अर्थव्यवस्था के एक महत्वपूर्ण अंग के रुप में विकसित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में गोदाम भी बनेंगे, ताकि भंडारण की सुविधा मिल सके ।
आजीविका मिशन की ओर से कई महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किये गए हैं. उन्हें सीएम ने सम्मानित किया. इस कार्यक्रम में सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना की. मछली उत्पादन के लिए एक रुपये में जमीन लीज पर देने की बात कही गई. साथ ही अंडा, शहद, ईमली उत्पादन के लिए सरकार की ओर से मदद का आश्वासन दिया गया.
रांची में ग्रामीण विकास विभाग के आजीविका मिशन के तहत सखी मंडल के सम्मेलन में कई योजनाओं की चर्चा की गई. इस कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में सखी मंडल से जुड़ी महिलाएं शामिल हुईं. राज्य में लगभग डेढ़ लाख सखी मंडल के माध्यम से लगभग साढ़े पंद्रह लाख महिलाएं जुड़ी हैं.
झारखंड सरकार महिलाओं को एक रुपये में 50 लाख रुपये की जमीन या फ्लैट की रजिस्ट्री,उज्ज्वला योजना के तहत गैस के साथ चूल्हा,तेजस्विनी योजना के तहत कौशल विकास, विधवा महिलाओं के लिए विधवा सम्मान पेंशन योजना दे रही है. झारखंड में महिलाओं के संबंध में राज्य सरकार की योजनाओं और अभियान की चर्चा प्रधानमंत्री ने भी मन की बात कार्यक्रम में की है. ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि राज्य और केंद्र की सरकार महिलाओं को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके लिए कई काम हो रहे हैं.
इस कार्यक्रम में कई विधायक के अलावे राज्य सरकार के कई अधिकारी शामिल हुए. पूरे प्रदेश से लगभग 25 हजार महिलाएं विभिन्न सखी मंडल के माध्यम से शामिल हुईं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours