काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे युवराज सिंह ने आखिरकार खुलासा कर दिया है कि वो कब इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहेंगे. 18वें लॉरियस अवॉर्ड़स समारोह के लिए मोनाको पहुंचे युवराज ने बयान दिया कि वो 2019 तक क्रिकेट खेलते रहेंगे और उसी के बाद वो संन्यास पर फैसला लेंगे. युवराज ने कहा, 'मैं आईपीएल 2018 में अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं. मेरे लिये यह काफी अहम टूर्नामेंट है क्योंकि इससे 2019 तक खेलने की दिशा तय होगी. मैं 2019 तक खेलना चाहता हूं और उसके बाद आगे के लिये फैसला लूंगा.'
युवराज सिंह ने टीम इंडिया के लिए आखिरी वनडे जून 2017 में खेला था और अब आईपीएल का अगला सीजन उनके लिए काफी अहम होगा. इस सीजन में युवराज सिंह किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलेंगे जिन्हें फ्रेंचाइजी ने कप्तान नहीं बनाया है. युवराज सिंह के ढलते करियर को देखते हुए किंग्स इलेवन पंजाब ने आर अश्विन को कमान सौंपी है.
साल 2011 में टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जिताने वाले युवराज सिह ने कहा कि उनके करियर में एकलौता मलाल ये रहेगा कि वो टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सके. युवी ने कहा,‘मेरे करियर के पहले 6-7 साल में मुझे ज्यादा मौके नहीं मिले क्योंकि उस समय टेस्ट टीम में बेहतरीन खिलाड़ी थे. जब मौका मिला तो मुझे कैंसर हो गया तो ये मलाल तो हमेशा रहेगा लेकिन चीजें आपके हाथ में नहीं होती.’



Post A Comment:
0 comments so far,add yours