जमशेदपुर की कदमा पुलिस ने दो अपहृत लड़कियों को मुक्त करा लिया. बता दें कि जमशेदपुर के रामनगर से दो लड़कियों के अपहरण की रिपोर्ट कदमा थाने में शुक्रवार को दर्ज कराई गई थी. रिपोर्ट दर्ज किए जाने के बाद ही एसएसपी ने अपनी टीम को मामले में त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया था. इसके बाद कदमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 9 घंटे के अंदर दोनों लड़कियों को मुक्त करा लिया. इस मामले में पुलिस ने एक युवक को भी गिरफ्तार किया है.

कदमा थाना प्रभारी जितेंद्र ठाकुर ने लड़कियों के हवाले से कहा कि दोनों युवतियों को गिरफ्तार युवक ने डराया धमकाया था और फिर उन्हें लेकर भाग गया था. थाना प्रभारी ने कहा कि युवक के साथ उसके एक दोस्त पर एक घर में एक युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है. थाना प्रभारी ने कहा कि गिरफ्तार युवक के दोस्त की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है.

बता दें कि शुक्रवार को देर शाम से दोनों युवतियां अचानक गायब हो गई थीं. इसके बाद ऐसी चर्चा होने लगी कि दोनों युवतियों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई है. इस मामले को लेकर जिला प्रशासन भी काफी गंभीर हो गया था. पूरे शहर में देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया गया. साथ ही खुद एसएसपी की देख रेख में जगह-जगह छापेमारी की जा रही थी. गिरफ्तार युवक और उसके दोस्त पर एक लड़की के साथ रेप करने का आरोप लगा है. फिलहाल पुलिस पीड़िता का मेडिकल जांच करवा रही है और साथ ही गिरफ्तार युवक के दोस्त को पकड़ने के लिए शहर में जगह-जगह छापेमारी कर रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours