विभिन्न दलित संगठनों द्वारा आहूत भारत बंद का कोडरमा में व्यापक असर देखा जा रहा है. भारी संख्या में बंद समर्थक सुबह से ही सड़कों पर उतर कर बाजार बंद कराने में जुटे हुए हैं. बंद समर्थक जबरन दुकानें बंद कराते रहे. वहीं कई जगहों पर बंद समर्थकों और दुकानदारों के बीच हाथापाई भी हुई.
बंद समर्थकों के एक दल ने दुकानों में तोड़-फोड़ की और दुकानदारों के साथ मारपीट भी की. एक फल विक्रेता के ठेले को उलट दिया गया जिस कारण सारे फल जमीन पर बिखर गए. बंद समर्थकों ने कोडरमा धनबाद रेल लाइन के यदूडीह स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया जिस कारण से दो घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा. बंद को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है मगर उत्पाती भीड़ के सामने पुलिस भी दर्शक बनी हुई है.
बंद समर्थक लगातार हंगामा मचा रहे हैं. डरे सहमे लोगों ने अपनी-अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं. प्रशासन ने सभी बंद समर्थकों को श्रम कल्याण केन्द्र कैंपस में एकत्रित करवा दिया है. वहीं एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार ने हंगामा कर रहे बंद समर्थकों पर कार्रवाई की बात कही है. एसडीओ ने कहा कि पुलिस बल की तैनाती हर जगह की गई है. मगर शिकायत मिली है कि बंद समर्थकों ने ठेलेवाले के साथ मारपीट की है. जिस किसी ने भी ये काम किया है उसे गिरफ्तार किया जाएगा और उसपर कार्रवाई की जाएगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours