धनबाद में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी है. 5 साल की एक मासूम के साथ मुंह बोले मामा ने ना सिर्फ दुष्कर्म किया, बल्कि उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया. घटना मुनिडीह ओपी क्षेत्र के जतूडीह कॉलोनी की है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

आरोपी डब्लू मोदी बच्ची को एक शादी समारोह में खाना खिलाने के लिए ले गया था. लेकिन बच्ची देर रात तक घर वापस नहीं पहुंची तो घरवालों ने बच्ची की खोजबीन शुरू की. शुरू में आरोपी ने परिजनों को भटकाने की कोशिश की. लेकिन जब पुलिस को घटना की सूचना दी गयी और पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस जंगल से बच्ची का शव नग्न अवस्था में बरामद किया. शव की बरामदगी के बाद आक्रोशित लोगों ने पहले आरोपी की जमकर पिटाई की, फिर मुनीडीह ओपी का घेराव कर हंगामा किया. ओपी की हाजत में बंद आरोप को लोगों उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे. लेकिन पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया.

घटनास्थल पर पूर्व मंत्री सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक भी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी और DC और SSP से बात कर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की. मन्नान मलिक ने कहा कि नशे के कारोबार के कारण युवा पीढ़ी और किशोर पीढ़ी बुरी तरह से बर्बाद हो रहा है. यही वजह है कि समाज में इस तरह की हरकत करने वालों की बाढ़ सी आ गई है. सरकार भी नशे के कारोबार में जुड़ी है. अब चाहिए कि इस कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगायी जाए, ताकि बर्बाद होती पीढ़ी एक बार फिर से सुधर सके और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके.

मौके पर पहुंचे एसएसपी और ग्रामीण एसपी ने भी लोगों को स्पीडी ट्रायल के जरिये इस मामले में आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया. ग्रामीण एसपी ने कहा कि आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours