झारखंड विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. पार्टी ने सिल्ली में अपना उम्मीदवार नहीं उतारने की घोषणा की है. बीजेपी वहां गठबंधन धर्म का पालन करते हुए आजसू को समर्थन करेगी.

रविवार को रांची स्थित बीजेपी कार्यालय में गोमिया और सिल्ली सीट के उपचुनाव को लेकर बैठक हुई. बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गोमिया के कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की. बैठक में फैसला लिया गया कि 2014 की ही तरह बीजेपी इस उपचुनाव में भी सिल्ली सीट पर आजसू को समर्थन देगी, जबकि गोमिया सीट पर आजसू से समर्थन लेगी.

बैठक के बाद प्रदेश बीजेपी के महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि गोमिया सीट के उपचुनाव के लिए वहां के 5 प्रखंडों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हुई. उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा से गठबंधन धर्म का निर्वाह करती आई है और 2014 के विधानसभा चुनाव की तरह इस उपचुनाव में भी गठबंधन धर्म को निभाएगी. इसलिए पार्टी ने तय किया है कि सिल्ली से भाजपा अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी. आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का समर्थन देगी.

बैठक में सीएम के अलावा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलवा, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश भी मौजूद थे. बता दें कि सिल्ली और गोमिया सीट पर जेएमएम का कब्जा था. लेकिन कोर्ट से सजा पाने के बाद दोनों जेएमएम विधायकों की विधायकी चली गई. जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जा रहा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours