झारखंड विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सत्तापक्ष में दरार पड़ती दिख रही है. बीजेपी की गठबंधन धर्म निभाने की अपील को ठुकराते हुए आजसू ने गोमिया और सिल्ली, दोनों सीटों पर उम्मीदवार खड़ा करने का ऐलान कर दिया है.
आजसू ने साफ कर दिया कि सिल्ली सीट पर पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो चुनाव लड़ेंगे, तो गोमिया से लंबोदर महतो को पार्टी मैदान में उतारेगी.आजसू ने संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद गोमिया और सिल्ली के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी.
पार्टी प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि गोमिया से लम्बोदर महतो प्रत्याशी होंगे और सिल्ली से पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो चुनाव लड़ेंगे. 7 मई को दोनों अपने-अपने क्षेत्र में नामांकन करेंगे. आजसू प्रवक्ता के अनुसार गोमिया में उसकी जमीन तैयार है. भाजपा को इस पर विचार करना चाहिए.
इससे पहले रविवार को बीजेपी ने सिल्ली सीट पर सुदेश महतो को समर्थन देने की घोषणा करते हुए गोमिया सीट के लिए आजसू से गठबंधन धर्म निभाने की अपील की थी. बता दें कि सत्ता में साथ रहने के बावजूद बीजेपी और आजसू ने निकाय चुनाव अलग-अलग लड़ा. अब उपचुनाव में भी आजसू ने दोनों जगहों पर उम्मीदवार खड़ा करने की बात कह कुछ उसी तरह के संकेत उपचुनाव के लिए भी दे दिए हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours