झारखंड के खूंटी में एक पत्थलगड़ी समर्थक की गिरफ्तारी पर जमकर बवाल मचा. गांववालों ने गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम को बंधक बना लिया. मंगलवार देर रात पुलिस की टीम गिरफ्तारी के लिए गई थी. पुलिस को देखते ही गांववाले भड़क उठे.
सूचना के मुताबिक पुलिस की टीम रात एक बजे बारूहातु गांव पहुंची थी. वहां पत्थलगड़ी समर्थक एक शख्स की गिरफ्तारी की. उधर गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही गांववाले विरोध में उतर आए. पारंपरिक हथियारों लैस महिला-पुरुष बड़ी संख्या में जुटे और वज्रवाहन समेत पुलिस की टीम को बंधक बना लिया. बुधवार सुबह तक बंधक बनाकर रखा गया.
गांववालों ने खूंटी-तमाड़ रोड को भी जाम कर दिया. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर बंधक बनी पुलिस टीम को मुक्त कराया गया. जाम को भी हटाया गया. पुलिस ने सड़क से पत्थलगड़ी समर्थक गांववालों को खदेड़ा दिया. सूचना है कि बारुहातु गांव में ग्रामीणों ने बैठक की है. इधर, खूंटी-तमाड़ रोड पर प्रशासन ने आवागमन को सामान्य करा लिया है.
बंधक बने एक पुलिस वाले ने कहा कि पत्थलगड़ी के सिलसिले में एक शख्स की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया. गाड़ियों को इसलिए उधर जाने से रोका गया कि कहीं उसमें तोड़फोड़ ना कर दे.
जाम में फंसे ट्रक ड्राइवर का कहना है कि उन्हें पुलिस द्वारा सुबह 6 बजे से रोका गया है. आगे जाने नहीं दिया जा रहा है. पुलिस से पूछने पर वो कहती है कि ऊपर से आदेश आने के बाद आगे जाने दिया जाएगा.
बता दें कि झारखंड के दो जिले खूंटी और सरायकेला में पत्थलगड़ी के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. हालांकि प्रशासन की कोशिश के बाद इस पर थोड़ा अंकुश जरुर लगा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours