झारखंड के गोड्डा जिला में भैंस चोरी के आरोप में दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है. देवडांड थाना क्षेत्र के बनकट्टी गांव में मंगलवार की देर रात पांच लोग चोरी करके 13 भैंस चोरी करके ले जा रहे थे कि ग्रामीणों की नींद खुल गई. ग्रामीणों की नींद खुलने के बाद और उनके द्वारा शोर मचाये जाने के बाद आस-पास के दर्जनों गांव के ग्रामीण इकठ्ठे हो गए. ग्रामीण चोरों का पीछा कर उनको दौड़ाने लगे. इसी क्रम में बनकट्टी गांव के समीप ग्रामीणों ने दो मवेशी चोरों को पकड़ लिए और हाथ पैर बांधकर बेरहमी से उनकी पिटाई की. पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि भैंस चोरी के दो आरोपियों की मौके पर ही मौत हो गई.

स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए गोड्डा मुख्यालय से एसडीपीओ व एसडीओ को घटनास्थल पर भेजा गया. पुलिस मौके से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाई. दोनों मृतकों के परिजन घटनास्थल पर तो नहीं गए मगर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के वक्त पहुंचे और बताया कि दोनों ही कोयला ढुलाई का काम तथा मवेशी खरीद बिक्री का काम भी किया करते थे. आज सुबह जब दोनों नहीं आए तो खोजबीन शुरू की तो तब घटना की जानकारी मिली.

वहीं मामले की पुष्टि करते हुए गोड्डा के पुलिस कप्तान ने बताया कि मवेशी चोरी को लेकर घटी है. ग्रामीणों द्वारा आवेश में आकर पीट- पीट कर दोनों की हत्या कर दी गई. मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और बाकी लोगों की भी पहचान कर आरोपियों को सजा दी जाएगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours