पत्थलगड़ी की आड़ में असंवैधानिक फरमान सुनाकर सामाजिक वैमनस्यता फैलाने की कई वारदात हाल के दिनों में देखने को मिल रही है. धीरे-धीरे इस असंवैधानिक कृत्य के हिंसक होने के साथ घिनौना रुप भी देखने को मिला है. हालांकि अब तक ये घटनाएं सुदूरवर्ती गांवों तक ही सीमित थी. मगर शहरी क्षेत्र के बीचो बीच एक ऐसी ही असंवैधानिक कारनामें की तस्वीर सामने आयी है.

यह तस्वीर सरायकेला जिले के आर आई टी थाना क्षेत्र के मीरूडीह में देखा गया. जहां पत्थर की जगह बोर्ड पर भारतीय संविधान के फरमानों को नए नजरिये के साथ प्रस्तुत किया गया है. पत्थलगड़ी के फरमान की तरह ही यहां बाहरी लोगों को प्रवेश पर रोक का फरमान जैसे कई फरमान अंकित किये गये हैं. वैसे यह बोर्ड किसने लगाया और कैसे लगा ये बताने कोई सामने नहीं आया है.

ऐसी आशंका जाहिर की जा रही है कि भू- माफिया का यह कारनामा है. कुछ भू माफिया इस क्षेत्र में वन विभाग की हजारों हेक्टेयर भूमि को बेचने के काम में लगे हैं. जिसमें कई सफेदपोश व राजनीतिक पकड़ पहुंच वाले लोग भी शामिल हैं. इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को नहीं है. न्यूज 18 द्वारा इस बावत पूछे जाने पर एसडीपीओ अविनाश कुमार ने कहा कि पुलिस द्वारा तत्काल इस पर कार्रवाई होगी. एसडीपीओ ने स्थानीय थानेदार से बात कर कार्रवाई करने की बात कही.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours