झारखंड में हुए खूंटी दुष्कर्म मामले में विपक्ष ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है. जहां पूरा विपक्ष एक स्वर में यह कहता हुआ नजर आया कि इस तरह की घटना के बाद सीएम रघुवर दास की सरकार को बने रहने का कोई हक नहीं. वहीं बीजेपी ने भी इस घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए.

नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने खूंटी की घटना की कड़ी निंदा की. लेकिन यह भी कहा कि राज्य में अब ऐसी घटनाओं से उन्हें आश्चर्य नहीं होता. हेमंत सोरेन ने कहा कि अब यह राज्य बलात्कार और भूख से मरने वालों की घटनाओं के लिए ही जाना जाता है.

वहीं खूंटी मामले पर कांग्रेस ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा. कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया. साथ ही प्रदेश को सेना के हवाले करने की मांग की. आलोक दुबे ने कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं पर यह सरकार पूरी तरह से खामोश और लापरवाह है. इस सरकार को सत्ता में एक दिन भी बने रहने का हक नहीं है. आज तो अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने की फिक्र नहीं बल्कि अपने बच्चियों के जीवन बचाने की फिक्र है.


वहीं, खूंटी मामले की प्रदेश भाजपा ने भी कड़ी निंदा की. बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह घटना निंदनीय है और पार्टी सरकार से मांग करती है कि इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर दुष्कर्म को लेकर केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए कानून के तहत दोषियों पर मुकदमा चलाया जाए. और फांसी दिलाए.

बता दें, खूंटी के अड़की थाना क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई एक निजी संस्था की पांच बच्चियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बुधवार देर रात एक बच्ची की मेडिकल जांच कराई गई. जांच में उसके साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हो गई है. एसपी अश्विनी सिन्हा ने कहा कि दुष्कर्म का मामला सामने आया है. तीन लड़कों का नाम सामने आ रहा है. मामले पर जांच चल रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours