बिहार सरकार के मंत्री व जेडीयू नेता श्रवण कुमार ने धनबाद में कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में अकेले चुनाव लड़ेगी. पार्टी का अभी तक फैसला यही है. बिहार से अलग झारखंड में पार्टी अकेले मैदान में उतरेगी. श्रवण कुमार ने ऐलान किया कि झारखंड में संगठन को तेजी से विस्तार देने के लिए बहुत जल्द एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. उसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे.
उन्होंने कहा कि बिहार में झारखंड की अपेक्षा बिजली की स्थिति काफी अच्छी है. ग्रामीण क्षेत्र में भी 14 -15 घंटे से अधिक बिजली रहती है. श्रवण कुमार के मुताबिक बिहार में ऐसा कोई घर 2018 तक नहीं रहेगा, जिसमें बिजली ना हो. बता दें कि धनबाद में जब श्रवण कुमार प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे तो उसी दौरान सर्किट हाउस में बार-बार बिजली गुल हो रही थी.
इससे इतर बिहार के मंत्री ने रघुवर सरकार को भी सूबे में शराब पर बैन लगाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि बिहार में इस बैन का रिजल्ट दूध और मिठाई की बिक्री में वृद्धि और रोड एक्सीडेंट के मामलों में आई भारी कमी के रूप में दिखता है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झारखंड में भी शराब पर बैन लगेगा. बिहार में हो रहे अपराध पर उन्होंने ये सफाऊ दी कि छिटफुट घटनाएं हर जगह होती रहती हैं. बता दें कि आरजेडी से अलग होकर जेडीयू बिहार में बीजेपी के साथ सत्ता में है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours