कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की इफ्तार पार्टी में शामिल होकर नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन दिल्ली से रांची लौट आए हैं. हालांकि उन्होंने इफ्तार पार्टी के दौरान पकी सियासी खिचड़ी पर कोई खुलासा नहीं किया. लेकिन गोड्डा मॉब लिंचिंग मामले को लेकर उन्होंने राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा.
हेमंत सोरेन ने कहा कि सूबे में समाज को तार-तार करने का प्रयास हो रहा है. लेकिन विपक्ष इस पर पैनी नजर बनाये हुए है और समाज को बंटने नहीं दिया जाएगा. कुछ सियासी दल समाज के सौहार्द पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है.
बता दें कि बुधवार सुबह गोड्डा जिले के देवकांड थाना इलाके में भैंस चोरी के आरोप में भीड़ ने दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी. दरअसल मंगलवार देर बनकट्टी गांव से पांच लोग 13 भैंस चोरी करके ले जा रहे थे कि ग्रामीणों की नींद खुल गई. ग्रामीणों के द्वारा शोर मचाये जाने पर आस-पास के गांवों के लोग भी इकट्ठा हुए और चोरों का पीछा करने लगे. इसी क्रम में बनकट्टी गांव के समीप ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़ लिए और इतनी बेरहमी से दोनों की पिटाई की कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान पोड़ैयाहाट के तालझारी गांव निवासी मुर्तजा अंसारी और सिराबुद्दीन अंसारी के रूप में की गई. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours