धनबाद के मधुबन थाना क्षेत्र के सिनीडीह कोलियरी इलाके से पिछले दो दिनों से लापता दो छात्रों का शव सोमवार को एक बंद खदान में जमा पानी से बरामद किया गया. दोनों बच्चों के शव के बरामद होते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि 14 वर्षीय अमन और 7 वर्षीय देव नामक दो छात्र दो दिन पहले नहाने के बहाने साइकल से घर से निकले थे. इसके बाद दो दिनों तक दोनों छात्रों का कोई अता-पता नहीं चल पाया. इस दौरान परिजनों ने हर जगह दोनों छात्रों की तलाश की. आज सोमवार को अचानक लोगों ने दोनों के शव को एक कोयले की बंद खदान में जमा पानी की सतह पर तैरते हुए पाया. देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई और लोगों ने दोनों के शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी.
हालांकि बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों की मौत नहाने के दौरान डूबने से ही हुई है मगर परिजनों का कहना है कि किसी ने हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया है. वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा कि बच्चों की हत्या हुई है या डूबने से इनकी मौत हुई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours