रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में इंडियन ओवरसीज बैंक में विगत महीने हुई डकैती का उद्भेदन रांची पुलिस ने गुरुवार को कर लिया. मामले में पुलिस ने छापेमारी कर डकैती की घटना को अंजाम देने वाले चार शातिर अपराधियों को भी गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके पास से डकैती के 3 लाख 53 हजार रुपए भी बरामद किया. वहीं डकैती में इस्तेमाल किये गए हथियार को भी पुलिस ने अपराधियों के पास से बरामद कर लिया है.

आपको बता दें कि 22 जून को पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में दिन दहाड़े हथियार बंद अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था. जिसके बाद से ही रांची पुलिस लगातार इनकी खोजबीन में जुटी थी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर इन अपराधियों को अपने गिरफ्त में लिया. फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है.

सिटी एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बैंक लूट में शामिल अपराधी किसी घटना को अंजाम देने की नियत से खेलगांव थाना क्षेत्र में जुटे हुए हैं. इस सूचना के आधार पर सुगनू के जुमार नदी के किनारे से पुलिस ने छापेमारी कर तीन अपराधियों को पकड़ा. दो अपराधी वहां से भागने में सफल रहे. एक और सूचना के आधार पर पुलिस ने अरगोड़ा से एक और अपराधी को गिरफ्तार किया.  पुलिस ने जिन चार अपराधियों को पकड़ा है इनमें अजय मुंडा, रोहित मुंडा, रंजीत सिंह और दिलेश्वर गंझु शामिल है.

पुलिस ने इनके पास जो सामान बरामद किए हैं उनमें दिलेश्वर गंझू के पास से एक लाख दस हजार रुपए. आरोपी अजय की निशानदेही पर दो लाख 43 हजार रुपए बरामद किया गया है. एक देसी कार्रबाइन दो 9 एमएम की गोलियों के साथ बरामद किया गया है. तीन देसी कट्‌टा भी बरामद किया गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours