भूमि अधिग्रहण संशोधित बिल के खिलाफ झारखंड बंद के दौरान घाटशिला के मुसाबनी प्रखंड में ग्राम प्रधानों ने जुलूस निकाला. साथ ही बंद को सफल बनाने के लिए लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की. ग्राम प्रधानों ने नारेबाजी के साथ मुसाबनी के मेढिया पंचायत से जुलूस निकालकर मुसाबनी नंबर एक बिरसा मुंडा पार्क पहुंचकर माल्यापर्ण किया. इसके बाद बंद समर्थक मुसाबनी बाजार की ओर बढ़ने लगे. लेकिन तभी मुसाबनी थाना के समीप सभी बंद समर्थकों को हिरासत में ले लिया गया.
ग्राम प्रधान विक्रम हांसदा ने कहा कि किसी भी कीमत पर भूमि अधिग्रहण बिल में छेड़ छाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार काला कानून लाना चाहती है जिसका विरोध हर गांव में किया जाएगा.
झारखंड बंद को सफल बनाने के लिए झामुमो के कार्यकर्ताओं ने भी विशाल जुलूस निकाल कर मुसाबनी बाजार में दुकानदारों से बंद को सफल बनाने की अपील की. इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लेकिन सभी बंद समर्थकों को मुसाबनी पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उन्हें मुसाबनी थाने में रोके रखा. मुसाबनी थाना क्षेत्र में ग्राम प्रधान रैली, झामुमो रैली और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की रैली में से करीब 250 बंद समर्थकों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours