दल-बदल मामले को लेकर बीजेपी-जेवीएम में जारी सियासी वार के बीच हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री व जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के खिलाफ रांची के डोरंडा थाने में लिखित शिकायत की है. शिकायत में कहा गया है कि बाबूलाल मरांडी के द्वारा राज्यपाल को सौंपे गये पत्र में जाली हस्ताक्षर किया गया है. ये सब उनके खिलाफ दुष्प्रचार की नीयत से किया गया है और विधानसभा अध्यक्ष की कोर्ट में जारी सुनवाई को प्रभावित करने के लिए किया गया है.

विधायक ने इस सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का आग्रह किया है. उधर नवीन जायसवाल के शिकायत पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे थाना और एफआईआर से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने एक बार फिर सरकार से पत्र की सच्चाई की जांच सीबीआई से कराने की मांग की. बाबूलाल ने कहा कि केन्द्र से लेकर राज्य में भाजपा की सरकार है, तो फिर जांच से क्यों डर रही है सरकार.

बता दें कि गत शनिवार को बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में जेवीएम का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर एक पत्र सौंपा. जेवीएम के मुताबिक वो पत्र तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष रविन्द्र राय का है और उसमें विधायकों की खरीद-फरोख्त का जिक्र है. जेवीएम ने पत्र के आधार पर राज्यपाल से इस सिलसिले में सीबीआई जांच कराने की मांग की. गौरतलब है कि 2014 में विधानसभा चुनाव के बाद जेवीएम के 6 विधायक बीजेपी के पाले में आ गये थे. इस मामले में स्पीकर कोर्ट में सुनवाई जारी है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours