उत्तर प्रदेश के बागपत जेल में डॉन मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कुछ समय पहले उसका नाम झारखंड के कोयलांचल के सबसे बड़े हत्याकांड से भी जुड़ा था. 21 मार्च 2017 को धनबाद में कांग्रेस नेता सह-पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या कर दी गई थी. कहा जाता है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए मुन्ना बजरंगी ने पांच करोड़ की सुपारी ली थी.
पचास लाख की अग्रिम रकम लेकर मुन्ना बजरंगी के चार शूटरों पर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या करने का आरोप है. इस सिलसिले में फिलहाल उसके चारों शूटर- अमन सिंह, कुर्बान अली, सतीश सिंह उर्फ रोहित और सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद मंडलकारा में बंद हैं. उनके साथ-साथ झरिया विधायक संजीव सिंह भी धनबाद जेल में बंद हैं. बागपत जेल में डॉन की हत्या के बाद धनबाद जेल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
बता दें कि धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में स्टील गेट के पास 21 मार्च 2017 को नीरज सिंह और उनके तीन सहयोगियों को फॉर्चूनर गाड़ी में गोलियों से भून दिया गया था. इस घटना से पूर्व सरायढेला थाना क्षेत्र में ही बिग बाजार के पास झरिया विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की 29 जनवरी 2017 को हत्या कर दी गयी थी. कहा जाता है कि रंजय सिंह की हत्या के प्रतिशोध में ही नीरज सिंह की हत्या कराई गई. धनबाद पुलिस ने यूपी एसटीएफ की मदद से डॉन मुन्ना बजरंगी के चार शूटरों को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया था. फिलहाल इस मामले में धनबाद कोर्ट में सुनवाई जारी है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours