झारखंड के खूंटी में नक्सलियों ने दिल-दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया है. नक्सलियों ने ट्रोला को आग के हवाले कर ड्राइवर को जला दिया. मृतक ड्राइवर की पहचान योगा सिंह के रूप में हुई है. मृतक पंजाब का रहने वाला था.

जानकारी के मुताबिक, ट्रोला ओडिशा से जमशेदपुर जा रहा था. खूंटी के सैको थाना और हुंठ कैंप के बीच आड़ा घाटी में नक्सलियों ने ट्रोला को रोका और आग लगा दी. इसमें ड्राइवर जल गया. घटना की सूचना मिलते ही खूंटी एसपी अश्विनी सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की छानबीन चल रही है. एसपी ने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया.

ग्रामीणों के मुताबिक, दस से पंद्रह की संख्या में नक्सली आए. ट्रोला को रोका और ड्राइवर को उतारकर पहले उसे गोली मारी. फिर मृत ड्राइवर को ट्रोला में डालकर नक्सलियों ने आग लगा दी. घटना के बाद कोड़ापूर्ति गांव के इलाके में दहशत फैल गई है.

बता दें, एसपी ने दावा किया गया था कि बंद के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गये हैं. हाइवे पर गश्ती दल की तैनाती है. बावजूद इसके नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दे दिया. नक्सलियों ने शुक्रवार को बिहार-झारखंड बंद बुलाया है. बंद के दौरान ये उत्पात मचाया गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours