झारखंड के धनबाद में कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा पर फायरिंग के मामले में नया मोड़ आया है. वैभव सिन्हा को ही धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि वैभव सिन्‍हा ने खुद पर गोली चलवाई थी. मामले में पुलिस ने वैभव सिन्हा, राहुल दुबे और विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं वैभव का एक साथी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. सिटी एसपी पीयूष पाण्डेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का खुलासा किया.

मिली जानकारी के अनुसार, गोली मारने के एक आरोपी शाहिद इराकी 16 अगस्त को अपनी महिला मित्र के साथ वैभव सिन्हा के रेस्टोरेंट में आया था. जहां उस महिला के साथ छेड़छाड़ की गई थी. किसी तरह शाहिद और उसकी महिला मित्र वहां से निकले. इसी दौरान हड़बड़ाहट में शाहिद के कुछ दस्‍तावेज वैभव सिन्‍हा के रेस्‍टोरेंट में ही छूट गए थे. जिसे लेने शाहिद गुरुवार को अपने छह दोस्तों के साथ रेस्‍टोरेंट पहुंचा. शाहिद ने वैभव सिन्हा से अपने छूटे हुए दस्तावेज मांगे तो वैभव सिन्हा और उनके गुर्गों ने शाहिद व उसके साथियों को कमरे में बंद कर दिया और हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट की.

वैभव सिन्हा ने पुलिस को जिस पिस्टल से अपने ऊपर फायरिंग होने की बात कही थी वो पुलिस की जांच में वैभव सिन्‍हा की ही निकली. जिसके आधार पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू की. छानबीन में पता चला कि वैभव सिन्‍हा ने जिनके ऊपर जान से मारने का आरोप लगाया है, वो झूठा है. उल्टा वैभव सिन्‍हा ने ही आरोपियों को मारने की कोशिश की थी. जिसके बाद पुलिस ने वैभव सिन्‍हा, राहुल दूबे व विकास दूबे को गिरफ्तार कर लिया. वैभव का एक साथी शुभम पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours