झारखंड के सीएम रघुवर दास ने बिहार के मुजफ्फरपुर में हुई घटना के विरोध में दिल्ली में विपक्ष के कैंडल मार्च को फोटो सेशन करार दिया है. पटना में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे रघुवर दास ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में हुई इस घटना के बाद दिल्ली में गंदी राजनीति देखने को मिली है.

दिल्ली में राहुल गांधी, सीपीआई के नेता और बिहार के लोग फोटो सेशन करा रहे थे. रघुवर ने कहा कि इस देश मे 2018 में नया रोग आया है वो है 'सत्ता का रोग'. पीएम बनने के इस रोग में रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. राहुल गांधी, ममता बनर्जी, मायावती, अखिलेश के पिता मुलायम रोगी बन गए हैं. रोग ऐसा है कि बिहार के लड़के को भी रोग लग गया है कि वो भी पीएम बन सकता है.

तेजस्वी पर तंज कसते हुए दास ने कहा कि लड़के को रोग लगा तो वो दिल्ली के जंतर मंतर चला गया लेकिन इनकी बीमारी लंबी चलेगी. रघुवर ने कहा कि इस देश में एक ही निरोगी है वो हैं नरेंद्र मोदी. 2019 तो छोड़िए 2024 में रोगी को मौका मिलेगा या नही, ये नहीं कहा जा सकता. रघुवर दास ने बिहार की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटना दुखद है जो कि नहीं होनी चाहिए थी.

नीतीश कुमार और सुशील मोदी से मेरा आग्रह है कि वो इस मामले में दोषियों के खिलाफ रोजाना सुनवाई कराएं और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलायें. झारखंड के सीएम ने कहा कि मैं तो मुखिया भी नहीं बन सकता था लेकिन पार्टी ने मुझे सीएम बनाया. उन्होंने कहा कि देश में एक चुनाव होगा लोकतंत्र का जिसमें एक साधारण व्यक्ति से चायवाला भी चुनाव लड़ सकता है. दूसरा चुनाव होगा खानदानी तंत्र का जिसमें खानदान के लोग चुनाव लड़ेंगे लेकिन 2019 में खानदान तंत्र पर लोकतंत्र की जीत होगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours