झारखंड लोक सेवा आयोग ने लंबित परीक्षाओं को जल्द आयोजित करने का निर्णय लिया है. आयोग के पास कई वर्षों से आधा दर्जन से अधिक परीक्षाएं लंबित पड़ी हुई हैं. इसे देखते हुए सरकार द्वारा
जेपीएससी को परीक्षाएं आयोजित करने को कहा जा रहा है. आयोग ने जिन परीक्षाओं को प्राथमिकता के आधार पर चयन किया है उनमें सिविल सेवा परीक्षा 2016, सहायक निदेशक कृषि विभाग नियुक्ति परीक्षा, एपीपी नियुक्ति परीक्षा समेत कई प्रतियोगिता परीक्षा शामिल है.
इधर सरकार के निर्देश के अनुरूप सिविल सेवा परीक्षा 2016 की पीटी परीक्षा का संशोधित रिजल्ट अगले सप्ताह आयोग द्वारा प्रकाशित करने की तैयारी की गई है. करीब 34 हजार छात्र इसमें सफल घोषित किए जाएंगे. आयोग परीक्षा के परिणाम की अंतिम प्रक्रिया पूरी करने में व्यस्त है.
बता दें कि जेपीएससी गठन के 18 सालों में अब तक मात्र पांच सिविल सेवा परीक्षा ही पूरी हो सकी है. छठी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट विवादों के कारण अब तक फंसा हुआ है. पिछले दिनों झारखंड के नगर विकास और परिवहन मंत्री सीपी सिंह ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे. उन्होंने सरकार के फैसले के बाद भी अब तक सिविल सेवा 2016 के पीटी परीक्षा का संशोधित रिजल्ट आयोग की ओर से जारी नहीं किए जाने पर नाराजगी जतायी थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours