आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को झारखंड राजद ने राज्य और देश की जनता के साथ छलावा करार दिया है. प्रदेश राजद की अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि चुनाव नजदीक है और अपनी जमीनी हकीकत देखकर अब भाजपा को जमीन के लोगों की याद आ रही है.
पूर्व मंत्री ने कहा कि 2014 में किये कई वादों के पूरा होने का इंतजार जनता कर रही है. जबकि पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की यह योजना निजी अस्पतालों को फायदा पहुंचाने के लिए बनायी गयी है.
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता शमशेर आलम ने भी आयुष्मान भारत को लेकर शंका जाहिर करते हुए कहा कि इससे पूंजीपतियों और बीमा कंपनियों को लाभ मिलेगा, ना कि गरीबों को. शमशेर आलम ने पीएम मोदी के दौरे को चुनावी दौरा बताते हुए कहा कि अगले वर्ष होने वाले चुनाव को ध्यान में रखकर आयुष्मान भारत योजना को लाया गया है, जिससे गरीब को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रांची से विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना, आयुष्मान भारत के तहत जन आरोग्य योजना का शुभारंभ किया. पीएम ने चाईबासा में 272 करोड़ और कोडरमा में 328 करोड़ की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेजों का भी ऑनलाइन शिलान्यास किया. साथ ही राज्य के 10 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भी उद्घाटन किया.
इस मौके पर प्रधानमंत्री के हाथों से पांच लाभुकों को योजना का गोल्डन कार्ड दिया गया. इस योजना से देश के 10.74 करोड़ और झारखंड के 57 लाख गरीब परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours