प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच जनवरी को झारखंड आ सकते हैं. यहां वे मंडल डैम की विस्तारित योजना का शिलान्यास कर सकते हैं. यह योजना लातेहार और आस-पास के जिलों से जुड़ी हुई है. इस योजना का काम बीच में रूका हुआ था. लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे गति दी है.
इस योजना के लिए पलामू टाइगर रिजर्व से कुछ गांवों को हटाने का प्रस्ताव तैयार है. इसका निर्माण टाइगर रिजर्व के भी कुछ हिस्से में होना है. इसके लिए वन विभाग के साथ केन्द्र की कई बार बैठक हो चुकी है. मंडल डैम परियोजना को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 1627 करोड़ रुपए का प्राक्कलन तैयार किया गया है. इसमें 60 प्रतिशत की राशि केंद्र सरकार एवं 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार खर्च करेगी.
डैम निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने के बाद एक लाख 11 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी. इस परियोजना के शुरू होने पर बिहार एवं झारखंड के क्षेत्र को लाभ मिलेगा. पहले परियोजना के अंतर्गत 367 मीटर की ऊंचाई तक पानी जमा करने की योजना थी, लेकिन परियोजना में परिवर्तन करते हुए 341 मीटर की ऊंचाई तक ही पानी जमा की जाएगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours