जामताड़ा। स्थानीय बेना में गुरुवार को लगी जनचौपाल में संताल परगना की गरीबी का जिम्मेदार झारखंड नामधारी पार्टियों को ठहराते हुए सीएम रघुवर दास ने सोरेन परिवार पर खूब हमला बोला। उन्होंने जनता से सोचने की अपील करते हुए कहा कि यहां गरीबी का सबसे बड़ा कारण झारखंड नामधारी पार्टी है। ऐसे लोगों ने अपना घर भरा और गरीबों का हक मारा। किसी ने जनता का विकास नहीं किया। एसपीटी-सीएनटी का उल्लंघन किया।
सीएम ने जनता से सवाल भरे लहजे में कहा सोरेन दुमका का रहने वाला है? पर सोरेन परिवार ने दुमका, बोकारो, धनबाद, रांची में घर बनाया। घर खरीद लिया। क्या यह एसपीटी-सीएनटी का उल्लंघन नहीं है। जनता को यह समझना होगा कि एसपीटी-सीएनटी का उल्लंघन नामधारी पार्टी ने किया है। क्या भाजपा सरकार में किसी को बेदखल किया गया है?
रघुवर ने कहा कि संताल के विकास के लिए किसी ने नहीं सोचा। आदिवासी भावना जगाकर वोट की पेटी भरा और अपना विकास किया। इसलिए आदिवासी की जिंदगी में पूर्व में कोई बदलाव नहीं आया। इसलिए अब सभी सोंचे, तभी संताल का विकास होगा।
सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार गंदी राजनीति नहीं करती, सबका विकास करती है। उन्होंने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कुछ पार्टी संप्रदायवाद तो कुछ लोग जातिवाद की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा संप्रदायवाद व जातिवाद की राजनीति नहीं करती है। भाजपा बगैर भेदभाव के सबका साथ सबका विकास कर रही है, वोट जिसने दिया या फिर जिसने नहीं भी दिया, सबको साथ लेकर सरकार चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग राजनीतिक सोच के प्रति जागरूक रहिए। लोकतंत्र में जनता मालिक हम सेवक है। जन शक्ति जाग जाएगी तो कोई नेता गलत फायदा नहीं उठा पाएगा। जनता जागी रहेगी तो डीसी भी जगा रहेगा। सभी लोग सरकारी योजनाओं का लाभ लें।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours