ओडिशा के राउरकेला में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली झारसुगुड़ा की एक आदिवासी छात्रा को झारखंड में तीन दिन तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया. घटना को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के लोटापहाड़ में अंजाम दिया गया. राउरकेला रेल एसपी की पहल पर राउरकेला जीआरपी थाने में इस सिलसिले में केस दर्ज किया गया है.
जीआरपी ने पीड़िता की मेडिकल जांच करा कर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया है. रेल पुलिस को पीड़ित छात्रा ने बताया कि राउरकेला के सेक्टर-3 थाना अंचल में रहकर वह एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही है. नया साल होने के कारण वह विगत 30 दिसंबर को झारसुगुड़ा स्थित अपने पैतृक गांव जाने के लिए राउरकेला स्टेशन पहुंची थी. वहां पर उसे उसके भाई का परिचित होने की बात कहकर एक युवक ने कहा कि झारसुगुड़ा जाने वाली ट्रेन रद्द है. उसे भी झारसुगुड़ा जाना है. दूसरी ट्रेन पकड़नी होगी. वह पीड़िता को भी अपने साथ चलने को कहा. उसकी बात पर विश्वास कर छात्रा उसके साथ ट्रेन में सवार हो गई.
धोखे से युवक उसे लेकर झारसुगुड़ा के बदले चक्रधरपुर के लोटापहाड़ स्टेशन पहुंच गया. छात्रा ने जब सवाल उठाया तो युवक ने कहा कि नया साल आने वाला है. जश्न मनाने के बाद वापस चले जाएंगे. इसके बाद युवक उसे लोटापहाड़ के एक मकान में ले गया. वहां उसने अपने पांच-छह दोस्तों के साथ तीन दिनों तक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. किसी तरह से युवकों के चंगुल से छूटने के बाद दो जनवरी को छात्रा स्थानीय लोगों की मदद से राउरकेला पहुंची. डर के मारे उसने किसी को कुछ नहीं बताया. इसी बीच उसकी तबीयत खराब होने लगी, तो परिवारवालों ने उससे कारण पूछा. जिसके बाद उसने पूरी आपबीती सुनाई.
इसके बाद परिजनों ने राउरकेला सेक्टर-3 थाना और लोटापहाड़ जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. राउरकेला जीआरपी थाने में भी शिकायत करने का लाभ नहीं हुआ. इसके बाद राउरकेला रेल एसपी के संज्ञान में मामला लाया गया. तब जाकर राउरकेला जीआरपी थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज हुई. उधर, छात्रा का पता नहीं चलने के कारण विगत 30 दिसंबर को उसके भाई ने राउरकेला सेक्टर-3 थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours