बड़े दिनों के बाद झारखंड विधानसभा के किसी सत्र में सदन का माहौल सौहार्दपूर्ण दिखा. बजट सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को सदन में सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष भी सकारात्मक रूख में नजर आए. इससे जनता के मुद्दे भी सदन में उठे. साथ ही 2239 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट भी पेश हुआ.

सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल भी हुआ और शून्य काल भी. ध्यानाकर्षण सूचनाओं पर भी चर्चा हुई. सदन के अंदर कार्यवाही के दौरान कई जन मुद्दे उठे. आयुष्मान भारत योजना पर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने सवाल किये. पैसे की कमी का मामला उठा. स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी और भाजपा विधायक राधाकृष्ण किशोर के बीच नोकझोंक हुई. सदन में दोनों के बीच संवाद पर ठहाका भी लगा. भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने बोकारो स्टील प्लांट के विस्थापितों का विषय उठाया. राजमहल विधायक गंगा कटाव का मामला शून्य काल में उठाया. सदन में 2239 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट भी पेश किया गया. सदन के सौहार्दपूर्ण माहौल की सभी ने प्रशंसा की.

भोजनावकाश के बाद भी सदन में कामकाज होता रहा. राज्यपाल के अभिभाषण पर राधाकृष्ण किशोर ने धन्यवाद प्रस्ताव लाया. उस पर पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने अपनी-अपनी बात रखी. विपक्षी सदस्यों ने सदन में सरकार की कमियों को रखा. स्टीफन मरांडी ने कुछ सुझाव भी दिए. सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने ऐसे ही माहौल की अपेक्षा आगे भी की.

सदन में दोनों ओर से कुछ मुद्दों पर तकरार हुई, लेकिन माहौल ठीक रहा. सदन की कार्यवाही जरा भी बाधित नहीं हुई. सरकार की ओर से सीएम रघुवर दास ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया. राज्यपाल के अभिभाषण के विषय का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के प्रति अफवाह फैलायी जा रही थी कि जमीन हड़प ली जाएगी. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. विपक्ष पर हमला करते हुए रघुवर दास ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन करने वाले ही ज्यादा चिल्ला रहे हैं. उन्होंने पत्थलगड़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि देशद्रोही गतिविधि नहीं बर्दाश्त की जाएगी. साथ ही कहा कि झारखंड को हमें विकसित राज्य बनाना है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours