केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने शुक्रवार को रामगढ़ के दुल्मी प्रखंड के कुलही, पोटमदगा, इचातू पंचायत और दुल्मी बाजार का तूफानी दौरा किया. दौरे के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर आम जनता से चर्चा की. चौपाल दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने उपस्थित लोगों से चर्चा के दौरान बताया कि 1 वोट को सही जगह पर देने से अनेक लाभ होते हैं. आज विभिन्न पंचायतों में चौपाल लगाकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया.
जयंत सिन्हा ने चौपाल के दौरान चर्चा में कहा कि हमारी सरकार निरंतर कार्यरत है. केंद्र की मोदी सरकार व राज्य में रघुवर सरकार की सैकड़ों महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन से हजारीबाग और रामगढ़ का विकास हुआ है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है. उन्होंने प्रत्येक गांव के विकास के लिए योजनाओं के बारे में जानकारी दी. उन्होंने सीधे जन संवाद में बताया कि आयुष्मान भारत से पांच लाख तक का इलाज कराया जा सकता है.
मंत्री ने बताया कि सौभाग्य योजना व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से रामगढ़ के प्रत्येक घरों में बिजली पहुंच चुकी है. उज्ज्वला योजना से क्षेत्र की महिलाओं के बीच 1,18,658 गैस कनेक्शन का वितरण किया जा चुका है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत और आयुष्मान भारत योजना से मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलने लगा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours