शनिवार को रिम्स के पेइंग वार्ड में लालू यादव से मिलने हम नेता जीतनराम मांझी, राजद उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह और राज्यसभा सांसद अशफाक करीम पहुंचे. लालू से मुलाकात के बाद जीतनराम मांझी ने कांग्रेस द्वारा ज्यादा सीट मांगने की चिंता की बात कह सब कुछ साफ कर दिया. तीनों नेताओं का अलग-अलग बयान यह बता गया कि महागठबंधन में बन रही खिचड़ी के बीच मीडिया के माध्यम से जनता के बीच कैसे जाए, इस बात को लेकर भी संशय की स्थिति है. लालू प्रसाद ने जीतनराम से मुलाकात के दौरान ही फोन पर तेजस्वी और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह से बात की तथा तीन-चार दिनों के अंदर मिल बैठकर सीट के फॉर्मूले को अंतिम रूप देने को कहा है.
बिहार में महागठबंधन के दलों के बीच जब भी कोई पेंच फंसता दिखता है तो समस्या के समाधान की राह झारखंड के अस्पताल रिम्स के पेइंग वार्ड से निकलता है. लालू से मुलाकात के लिए उपेन्द्र कुशवाहा से लेकर मुकेश साहनी तक रांची आकर लालू से मिल चुके हैं. बिहार में सीट शेयरिंग और उम्मीदवार को लेकर सहयोगी दलों के बीच असहयोग की खबरों के बीच आज जीतनराम मांझी ने करीब तीन घंटे तक लालू के साथ बात की. जीतनराम मांझी ने स्टेट गेस्ट हाउस में जो कहा उससे साफ हो गया कि भले ही नेता सब कुछ ठीक होने की बात कहें पर सीटों के बंटवारे को लेकर महागठबंधन के सहयोगी दलों में मतभेद है.
जीतनराम मांझी के कांग्रेस द्वारा ज्यादा सीटों की चाह को सबसे बड़ी चिंता की वजह बताया. जीतनराम मांझी ने बिहार भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय के उस न्योते का भी जवाब दिया जिसमें उनके एनडीए में स्वागत की बात कही थी. मांझी ने साफ किया कि वह अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वंचित समाज के हितों की आवाज को बुलंद करने के लिए एनडीए छोड़ महागठबंधन में आए थे और उनका लक्ष्य भाजपा-जदयू को परास्त करना है. वहीं राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक है तथा महागठबंधन की ओर से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा एनडीए के उम्मीदवार की घोषणा के बाद होगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours