कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड कांग्रेस अब तकनीक से लैस होगी. झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने शनिवार को दिल्ली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष आलमगीर आलम के साथ तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा की.

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ भी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की बैठक हुई, जिसमें राहुल ने प्रदेश कांग्रेस को सरकार के भ्रष्टाचार के मामलों पर अग्रेशन दिखाने की पाठ पढ़ाई.

बैठक के बाद आरपीएन सिंह ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की बातों पर टिप्पणी नहीं करूंगा. हमारी मरांडी साहब से क्या बात हुई, उसका खुलासा कतई नहीं करूंगा. जब मैं उनसे मिलूंगा, तो बात आगे बढ़ेगी. दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने महागठबंधन में 3 सीटों की मांग की है.

वहीं, आरपीएन सिंह ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर बात हो रही है. हर पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटें लड़ना चाहती है. बातचीत कर सीटों का बंटवारा कर लेंगे. महागठबंधन से झारखंड को जो उम्मीदें हैं, उस पर हम अवश्य खरे उतरेंगे. साथ ही, झारखंड कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि आजसू अगर बीजेपी का साथ छोड़ती है तो उनसे भी चर्चा की जाएगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours