पटना। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गिरिराज सिंह ने फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो भी भारत की तरफ आंख उठाकर देखेगा, उसकी आंखें फोड़ दी जाएंगी। वे पुलवामा आतंकी हमले के बाद 'पाकिस्तान के साथ हमदर्दी दिखाने वाले' नेताओं को चेतावनी दे रहे थे। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंघन (राजग) में भाजपा के सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने भी गिरिराज के सुर में सुर मिलाया है।
देश की अखंडता के साथ खिलवाड़ का अधिकार किसी को नहीं
गिरिराज सिंह ने पाकिस्तान से हमदर्दी दिखाने वालों को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने देश विरोधी काम किया तो उनकी आंखे फोड़ दी जाएंगी। चाहे आतंकवादी, अलगाववादी हो या देश का दुश्मन, देश की अखंडता के साथ खिलवाड़ करने का अधिकार किसी को भी नहीं है।
महबूबा मुफ्ती व फारूक अब्दुल्ला के बयान देश विरोधी
गिरिराज सिंह ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद महबूबा मुफ्ती तथा फारूक अब्दुल्ला के जो बयान आए हैं, वे पाकिस्तान से हमदर्दी दिखाने वाले हैं। वे देश विरोधी बयान दे रहे हैं। इसे बर्दाश्त नही किया जा सकता। फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि अगर भारत-पाक युद्ध होता है तो परिस्थितियां बहुत मुश्किल हो जाएंगी।
भारत को अंगुली दिखाने वालों की फोड़ दी जाएंगी आंखें
गिरिराज सिंह ने भारतीय सेना के शौर्य की चर्चा करते हुए कहा कि पाकिस्तानियों को यह मालूम है। अगर ये भी (पाकिस्तान के हमदर्द) अपने आपको पाकिस्तान के कतार में खड़ा करते हैं तो इन्हें भी यह मालूम होना चाहिए। कहा कि भारतीय सेना 1971 में पाकिस्तान की धरती पर शौर्य दिखा चुकी है। कारगिल के युद्ध में भी क्या हुआ था, सबको मालूम है। .आगे भी जो भारत को अंगुली दिखाएगा, उसकी आंखें फोड़ दी जाएंगी।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours