दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की सीरीज का पांचवां वनडे कई मायनों में अहम है। एकतरफ भारत पर घरेलू दर्शकों के बीच सीरीज जीतने का दबाव होगा, तो वहीं भारतीय टीम विश्व कप को लेकर भी कई सवालों के जवाब ढ़ूंढने की कोशिश करेगी। वहीं, कंगारुओं के खिलाफ टी-20 सीरीज में शानदार वापसी करने वाले केएल राहुल भी आखिरी मैच को लेकर काफी उत्सुक होंगे। चौथे वनडे में शिखर धवन और रोहित शर्मा के फॉर्म में वापसी से टीम के मनोबल में बढ़ोतरी जरुर हुई है, लेकिन इन दोनों के फॉर्म में आने से केएल राहुल की परेशानियां बढ़ चुकी हैं और अगर राहुल आखिरी वनडे में बल्ले से फेल होते हैं तो उनके विश्व कप संभावित टीम में शामिल होने की उम्मीदों को करारा झटका लग सकता है।
वहीं टीम का एक्स फैक्टर कहे जाने वाले रिषभ पंत की कीपिंग टीम इंडिया के लिए अभी भी सिरदर्द बनी हुई है। गौरतलब है कि पंत पिछले मैच में विकेट के पीछे बुरी तरह फेल रहे थे। जिसके बाद टीम 358 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद हार का सामना भी करना पड़ा था। ऐसे में पंत पर फाइनल मुकाबले में खुद को साबित करने का दबाव होगा। ऐसे में अगर हम ये कहें कि ये मैच इन दोनों खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का आखिरी मौका है तो कुछ गलत नहीं होगा। दोनों खिलाड़ी कंगारुओं के खिलाफ कोटला वनडे में अग्निपरीक्षा देने उतरेंगे। जो इसमें पास होगा उसे विश्व कप टिकट मिलेगा।
कौन रहेगा अंदर और कौन बाहर
पांचवें वनडे में शिखर और रोहित की जोड़ी एक बार फिर धमाल मचाने के लिए तैयार होगी, जबकि नंबर तीन पर शायद केएल राहुल बल्लेबाजी करने उतरेंगे, क्योंकि विराट का राहुल मोह पिछले मैच में भी देखने को मिला था। वहीं, अंबाती रायुडू इस मैच में भी टीम को ड्रिंक्स देते नजर आ सकते हैं। पंत नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे और ऐसे में घरेलू दर्शकों की नजर उनकी बल्लेबाजी से ज्यादा उनकी विकेटकीपिंग पर होगी। अगर पंत इस मैच में भी चयनकर्ताओं को रिझाने में असफल रहते हैं तो हो सकता है कि वो हमें विश्व कप में दूसरे विकेटकीपर की भूमिका में ना दिखें और बाजी टीम बाहर चल रहे दिनेश कार्तिक के हाथ लग सकती है।
पांचवें वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन-
विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, रिषभ पंत (विकेटकीपर), केदार जाधव, विजय शंकर, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours