लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो गया है, लेकिन झारखंड महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है. इसी सिलसिले में जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने रांची में जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी से उनके आवास पर मुलाकात की. दोनों के बीच बंद कमरे में घंटेभर सियासी चर्चा हुई.

बैठक के बाद हेमंत सोरेन और बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर सीट शेयरिंग को लेकर फॉर्मूला तैयार हो जाएगा और इसकी घोषणा कर दी जाएगी. दोनों नेताओं ने दावा किया कि महागठबंधन राज्य की सभी सीटों पर जीत की रणनीति बनाने में जुटा हुआ है. हेमंत सोरेन ने केन्द्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कई मुद्दों को लेकर जनता वर्तमान सरकार को हटाने का मन बना चुकी है.

बता दें कि महागठबंधन में गोड्डा सीट को लेकर पेंच फंसा हुआ है. गोड्डा सीट पर कांग्रेस और जेवीएम, दोनों की दावेदारी है. वहीं बीजेपी और आजसू में शीट शेयरिंग को लेकर फैसला हो गया है. 13 पर बीजेपी और एक पर आजसू पार्टी चुनाव लड़ेगी. गौरतलब है कि झारखंड में चार चरणों में मतदान होगा. 29 अप्रैल को 3 सीटों के लिए वोटिंग होगी. इसके बाद 6 मई को चार, 12 मई को भी चार और 19 मई को तीन सीटों पर वोटिंग के साथ झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो जाएगा. 23 मई को एक साथ पूरे देश में काउंटिंग होगी.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours