अन्नपूर्णा होंगी कोडरमा से भाजपा प्रत्याशी

रांची व चतरा को लेकर उधेड़बुन में भाजपा

बची तीन सीटों पर आज फैसला लेगी भाजपा

रांची :-  कोडरमा संसदीय क्षेत्र से अन्नपूर्णा देवी भाजपा प्रत्याशी होंगी। इस पर अब कोई संशय नहीं रह गया है। अन्नपूर्णा देवी कोडरमा की शर्त पर ही भाजपा में शामिल हुई हैं और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को इस पर कोई आपत्ति भी नहीं है। वहीं, रांची व चतरा संसदीय सीट का पेंच अब भी फंसा हुआ है। केंद्रीय चुनाव समिति ने भी इन दोनों सीटों को लेकर किसी तरह का निर्णय अभी नहीं लिया है। 
सोमवार को झारखंड की बची तीनों सीटों रांची, कोडरमा और चतरा के लिए प्रत्याशियों की घोषणा को तय माना जा रहा था। लेकिन फिलहाल सीटों की पेचीदगी को लेकर निर्णय को एक दिन के लिए टाल दिया गया है। अब घोषणा मंगलवार को ही संभव है। बात दें कि इन तीनों सीटों पर भाजपा ही काबिज है। भाजपा के मौजूदा सांसद अपना टिकट बचाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। कोडरमा संसदीय सीट से अन्नपूर्णा देवी का नाम लगभग फाइनल होने से मौजूदा सांसद रवींद्र राय को बड़ा झटका लगेगा। रांची सांसद रामटहल चौधरी और चतरा सांसद सुनील सिंह को लेकर दिन भर अटकलों का बाजार गर्म रहा। रांची में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, अमिताभ चौधरी समेत अन्य कुछ अन्य नेताओं को रामटहल के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं सांसद सुनील सिंह अब भी चतरा के सबसे पुख्ता दावेदार माने जा रहे हैं। 
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours