झारखंड के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में इलाज करा रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से शनिवार को उनके बेटे तेजस्वी यादव की मुलाकात नहीं हो सकी. बताया जाता है कि शाम 5 बजे के बाद तेजस्वी के पहुंचने की वजह से जेल मैनुअल का हवाला देकर प्रशासन ने लालू प्रसाद से नहीं मिलने दिया.
तेजस्वी यादव पलामू में आरजेडी उम्मीदवार घूरन राम के नामांकन में शामिल होकर रांची लौटे थे. पिता से मुलाकात नहीं होने पर तेजस्वी यादव बीजेपी पर बरसे. उन्होंने कहा कि बीजेपी के इसारे पर उनके पिता को प्रताड़ित किया जा रहा है.
वहीं, सीएम नीतीश ने लालू पर लगाए गए आरोप पर तेजस्वी ने कहा कि अनंत सिंह के आरोप पर सीएम नीतीश कुमार जवाब दें. जेल में बंद अनंत सिंह से क्या बात होती थी ? दरअसल, न्यूज18 से खास बातचीत में नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद पर गंभीर आरोप लगा दिया था. नीतीश कुमार ने कहा था कि लालू प्रसाद रिम्स से सियासत करते हैं. साथ ही वहीं से मोबाइल से नेताओं से बात करते हैं.
बताते चलें कि चारा घोटाला में सजायाफ्ता और रिम्स में इलाज करा रहे लालू प्रसाद इन दिनों बिहार-झारखंड के विपक्षी दलों की धुरी बने हुए हैं. शनिवार का दिन रिम्स में लालू प्रसाद से मुलाकात का दिन होता है. लालू प्रसाद से मिलने के लिए लोगों को पहले जेल प्रशासन के पास आवेदन देना होता है. जेल प्रशासन सारे आवेदनों की जानकारी लालू प्रसाद को देते हैं. उनमें से लालू प्रसाद तीन लोगों को मुलाकात के लिए स्वीकृति देते हैं. इसके बाद वे तीन लोग उनसे रिम्स के पेइंग वार्ड में मिल पाते हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours