कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय ने रांची सीट से पर्चा भर दिया है. उन्होंने चार सेटों में नामांकन दाखिल किया. इस दौरान रांची समाहरणालय में उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार, जेवीएम नेता बंधु तिर्की और जेएमएम के पूर्व विधायक अमित महतो मौजूद रहे.

नामांकन के बाद बीजेपी प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए सुबोधकांत ने कहा कि संजय सेठ पतझड़ वाले प्रत्याशी हैं. हेलिकॉप्टर से उतरकर चुनावी मैदान में आये हैं. बतौर सुबोधकांत सहाय 15 दिन पहले एक व्यक्ति को अचानक भाजपा का प्रत्याशी बना दिया जाता है और वह खुद को रांची का बेटा कहलाने लगता है, यह लोगों को धोखा देने जैसा है. उन्होंने दावा किया कि इस बार रांची सीट भाजपा की जमानत जब्त हो जाएगी.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि भाजपा बेवजह राष्ट्रवाद का ढकोसला परोस रही है. भाजपा को जवाब देना चाहिए कि उनके यहां बुजुर्ग होने का मतलब क्या बेइज्जत होना होता है.

नामांकन के बाद हरमू मैदान में जनसभा का आयोजन हुआ. इस सभा के जरिये महागठबंधन ने अपनी ताकत और एकता दिखाने की कोशिश की. इस दौरान विपक्ष के नेताओं ने बीजेपी को परास्त करने की जनता से अपील की. मंच पर प्रदेश आलाकमान से नाराज चल रहे कांग्रेसी नेता इरफान अंसारी और पूर्व मंत्री ददई दुबे भी नजर आए.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours